पहुंचा मानसून: चार जुलाई तक उत्तर से पूर्वोत्तर तक जमकर बरसेंगे मेघ; केरल-ओडिशा में भारी बारिश
आईएमडी ने 4 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश होगी। ओडिशा, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी अत्यधिक बारिश की संभावना है।
दिल्ली एनसीआर सहित देश के बाकी हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है और हिमाचल से लेकर केरल और उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक झमाझम बरसात हो रही है। 4 जुलाई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। शनिवार को दोपहर बाद जमकर बारिश हुई और दिल्ली समेत पूरा एनसीआर तरबतर हो गया। इससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जगह-जगह जलभराव से मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा।
अभी जारी रहेगी मूसलाधार बारिश
आईएमडी ने बताया कि बीते दिन उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई। अंडमान निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक, सौराष्ट्र और कच्छ, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और नगालैंड समेत पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी तेज हवाओं के साथ जमकर बौछारें पड़ीं।
आईएमडी ने 4 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश होगी। ओडिशा, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी अत्यधिक बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, केरल, और तटीय कर्नाटक में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
दिल्ली में आज से बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं। हल्की से मध्यम बारिश के अलावा बिजली चमकने के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि दो जुलाई तक दिल्ली में बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में लोग हलकान
बारिश से जहां दिल्ली-एनसीआर वालों के चेहरे खिल गए, वहीं देश के अन्य हिस्सों में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उत्तराखंड में बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हुआ और चारधाम यात्रा बाधित हुई।
अलकनंदा में लापता लोगों की तलाश
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी में लापता लोगों की तलाश जारी है। भारी बारिश के बीच बृहस्पतिवार को एक वाहन के सड़क से फिसलकर नदी में गिर जाने से 12 लोग लापता हो गए थे, जिनमें से अब तक चार लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें शेष लोगों की तलाश में जुटी हैं।
0 Comments